
ऊना। क्षेत्र के लालसिंगी में देर रात एक घर के किचन में रसोई गैस सिलेंडर में आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। आग की लपटे देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आगजनी में हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। उधर, दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाकर लाखों रुपये के माल को आग की भेंट चढ़ने से बचा लिया, जबकि पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात सीता राम निवासी लालसिंगी के घर के किचन में खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर की पाइप लीक होने के चलते सिलेंडर में आग भड़क गई, जिससे घर के सदस्यों में हड़कंप मच गया और पूरा रसोई घर आग की लपटों से घिर गया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। दमकल विभाग के प्रभारी कमल स्वरूप ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया लिया है। आगजनी में पांच हजार के करीब का नुकसान हुआ है। उधर, एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।
