
लठियाणी (ऊना)। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर लगाम लगाने के लिए महकमे ने शिकंजा कस दिया है। जिला के बंगाणा उपमंडल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी और उनकी टीम ने वीरवार को छापामारी करते हुए तीन स्थानों से मिठाइयों के सैंपल भरे। इतना ही नहीं, टीम ने खराब और बिना ढके रखी गईं मिठाइयां भी नष्ट करवाई हैं। छापामारी की सूचना मिलते ही समूचे क्षेत्र में खाद्य पदार्थों से जुड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया। कई कारोबारी दुकानें बंद करके इधर-उधर हो गए।
जानकारी देते हुए जिला चिकित्सा अधिकारी डा. टीसी महंता ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिलावटी मिठाइयों पर अंकुश लगाने के लिए विभाग ने अभियान छेड़ दिया है। उन्होंने बताया कि वीरवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदीश धीमान पर आधारित टीम ने बंगाणा क्षेत्र के लठियाणी और थानाकलां बाजारों में छापामारी की। इस दौरान दोनों स्थानों पर रसगुल्ला, बर्फी और गुलाब जामुन के सैंपल भरे गए हैं। उन्होंने बताया कि कई दुकानाें पर बिना ढके दुकानों पर सजाई और खराब हो चुकी लगभग 30 किलो मिठाइयाें को भी बाहर फेेंकवाया है। विभागीय अभियान आगे भी जारी रहेगे। उन्होंने बताया कि मिलावट पर अंकुश लगाया जाएगा। किसी को भी नियमों से खिलवाड़ की छूट नहीं दी जाएगी।
