
केलांग। केंद्र सरकार ने हिमाचल के जनजातीय क्षेत्र के विधायक रवि ठाकुर को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का उपाध्यक्ष बनाया है। बुधवार को राष्ट्रपति से अधिसूचना जारी होने के बाद रवि ठाकुर ने नई दिल्ली के लोकनायक भवन में दोपहर तीन बजे पद और गोपनीयता की शपथ ली। उन्होंने आयोग अध्यक्ष रामेश्वर राव की मौजूदगी में पदभार संभाला। आयोग के उपाध्यक्ष का पद पिछले कुछ अर्से से खाली था। रवि ठाकुर की ताजपोशी से हिमाचल समेत जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति मेें खुशी की लहर है। आयोग का यह पद संवैधानिक होने के नाते रवि ठाकुर का कार्यकाल तीन साल के लिए होगा। नेशनल एसटी कमीशन के पद पर आसीन होने वाले रवि ठाकुर हिमाचल के पहले राजनेता हैं। दिल्ली से दूरभाष पर ‘अमर उजाला’ से बातचीत में रवि ठाकुर ने कहा कि देश के जनजातीय इलाकों के हर क्षेत्र में विकास करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। हिमाचल समेत देश के तमाम जनजातीय क्षेत्रों की जनता से मिले समर्थन और स्नेह के परिणामस्वरूप ही उन्हें केन्द्र में एसटी कमीशन जैसी संवैधानिक संस्था में उपाध्यक्ष पद मिला है। उधर, रवि ठाकुर की ताजपोशी पर लाहौल-स्पीति कांग्रेस कमेटी समेत हिमालयन क्षेत्र के बुद्धिस्ट संस्थाओं और राजनेताओं ने बधाई दी है।
