
चंबा। स्थानीय कॉलेज परिसर में शनिवार को एनएसयूआई की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने की। इस मौके पर एनएसयूआई ने छात्राओं के लिए कॉलेज परिसर में कैंटीन की सुविधा देने के लिए कॉलेज प्रशासन का धन्यवाद किया। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। सुरेश ठाकुर ने कहा कि विवि नेपंजीकरण नंबर के साथ कई विद्यार्थियों के नाम और पिता के नाम गलत दर्ज किए हैं। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि इसे जल्द ठीक किया जाए। जिलाध्यक्ष सुरेश ठाकुर और एनएसयूआई के परिसर अध्यक्ष चंदन नरूला ने कहा कि यह सब विवि प्रशासन की गलती के कारण हुआ है। उन्होंने अनुपूरक परीक्षा का परिणाम घोषित करने पर भी निराशा जाहिर की है और विवि प्रशासन से मांग की है कि प्रथम वर्ष की अनुपूरक परीक्षाओं का जल्द परिणाम घोषित किया जाए। कालेज के एससीए के अध्यक्ष परमेंद्र सिंह ने कहा कि जल्द परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया जाता है तो एनएसयूआई आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेगी। बैठक में अनिल, पूर्व महासचिव नवीन, योगराज शर्मा, विक्रम, सुशील ठाकुर, सुभम महाजन, सुनील, रविंद्र, सरवण, विवेक, अमरजीत व गोविंद्र मौजूद रहे।
