रक्कड कालोनी में घर से उड़ाए डेढ़ लाख के गहने

ऊना। जिला मुख्यालय के समीप रक्कड़ कालोनी में हुई चोरी की एक वारदात में लगभग डेढ़ लाख रुपये के गहने चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। वहीं इस चोरी की घटना से रक्कड़ कालोनी सहित समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रक्कड़ निवासी बिट्टू जसवाल के घर अज्ञात शातिरों ने सेंधमारी कर लगभग डेढ़ लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर डाला है। घर के मालिकों ने बताया कि उन्होंने लगभग 24 दिन पूर्व अलमारी में गहने सुरक्षित देखे थे, लेकिन शनिवार दोपहर को जब उन्होंने दोनों अलमारी का लॉकर खोला तो गहने उसमें से गायब थे। उन्होंने काफी देर घर में इधर-उधर गहनों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलते ही एसएचओ ऊना केएल बैरी दलबल सहित मौके पर पहुंचे। बैरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts