रंगस में सर्पदंश से छात्रा की मौत

नादौन/गलोड़ (हमीरपुर)। जिला के रंगस कस्बे में एक प्रवासी लड़की की सर्पदंश से मौत हो गई। हालांकि उसके परिजनों ने क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के दरभंगा निवासी सुरेश साहनी की 10 बर्षीय बेटी सुधीरा कुमारी झोपड़ी में सो रही थी। रविवार की रात सांप ने दाहिने हाथ पर उसे डस लिया। सांप के डसने के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने सुधीरा को मृत घोषित कर दिया। सुधीरा रंगस स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा थी। वारदात के बाद सोमवार सुबह परिजनों ने झोपड़ी की सफाई की तो झोपड़ी में रखे सामान से एक बड़ा सांप निकला। पंचायत प्रधान प्रकाश सिंह ठाकुर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। गरीब परिवार की सहायता के लिए सरकार की ओर से सहायता राशि प्रदान करने की मांग की। गौर रहे कि 10 दिन पहले भी झोपड़ी के साथ रह रहे प्रवासी परिवार की विवाहिता बेटी की सर्पदंश से मौत हो गई थी।
उधर, बडसर तहसील के गांव कड़साई की 22 वर्षीय बबली को रविवार रात करीब 10 बजे जहरीले संाप ने डस लिया। परिजन पीड़िता को लहड़ा गूगा ले गए लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। फिर उसे सामुदायिक अस्पताल गलोड़ ले जाया गया जहां उसे प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, बीएमओ गलोड़ डॉ. अनिल धीमान ने पुष्टि करते हुए बताया कि बबली की हालत नाजुक है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

Related posts