यूपी रोडवेज की हड़ताल से मुसाफिर हलाकान

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के कांट्रेक्ट कर्मियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल का असर राजधानी के आनंद विहार व सराय काले खां आईएसबीटी में भी देखने को मिला। हड़ताल के पहले दिन तो बसों की आवाजाही सामान्य रही, लेकिन बुधवार को कुछ कमी आई। हड़ताल के चलते कई इलाकों में जाने वाले रूट पर बस न मिलने के चलते मुसाफिरों को दिक्कत हुई। दोनों बस अड्डों पर करीब चार सौ बसें बुधवार को हड़ताल के चलते नहीं पहुंचीं।
आनंद विहार व सराय काले खां आईएसबीटी में बुधवार को कर्मियों के हड़ताल के चलते यात्रियों का बुरा हाल रहा। घंटों इंतजार के बाद भी बस न मिलने के चलते यात्रियों ने उत्तराखंड परिवहन या अन्य साधनों का सहारा लिया। कानपुर, बिजनौर, बुलंदशहर आदि स्थानों पर जाने वाले यात्री बेहद परेशान रहे। सैकड़ों की संख्या में प्लेटफॉर्म पर यात्री बस के इंतजार में खड़े थे, लेकिन जानकारी देने वाला कोई नहीं। अड्डे के अंदर बस खड़ी थीं, लेकिन टिकट काउंटर बंद पड़े थे। अधिकतर यात्रियों को कांट्रेक्ट कर्मचारियों के हड़ताल में जाने की जानकारी ही नहीं थी, जिसके चलते उन्हें बेहद परेशानी हुई। सामान के साथ यात्री दिनभर इधर से उधर भटकते रहे। पिहानी जाने के लिए बस का इंतजार करते धर्मेंद्र ने बताया कि दो घंटे से खड़े हैं, लेकिन बस नहीं है। शहाबाद जाने वाले शंकर लाल कहते हैं कि कर्मचारियों को समझना चाहिए कि उनकी हड़ताल से यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कर्मी तो अपनी मांग के चलते अड्डे में बस लेकर नहीं पहुंच रहे हैं, लेकिन कम से कम परिवहन अधिकारियों को टीम सहित यात्रियों को सही जानकारी देने के लिए तो मौजूद रहना चाहिए था। बता दें कि आनंद विहार में यूपी रोडवेज की 650 से 700 बसें रोजाना आती हैं, जबकि सराय काले खां में 150 के करीब रूट संचालित होते हैं। आनंद विहार पर बुधवार को करीब तीन सौ बसें ही आई, जबकि सराय काले खां में करीब 70 बसें ही पहुंचीं।

लॉन्ग रूट पर ज्यादा असर नहीं
दिल्ली आने वाले लॉन्ग रूटों पर हड़ताल का अधिक असर नहीं हुआ है क्योंकि इन रूट पर अधिकतर नियमित कर्मी ही तैनात हैं। मंगलवार को 640 तो बुधवार को रात साढ़े आठ बजे तक तीन सौ बस पहुंची हैं, इसलिए यात्रियों को अधिक परेशानी नहीं हुई है।
-राहुल चौधरी, सहायक प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, आनंद विहार आईएसबीटी

Related posts