यूपी के पुलिसकर्मी सीखेंगे चिकित्सा के गुर

नई दिल्ली। सड़क हादसा, बम ब्लास्ट अथवा किसी अन्य तरह के हादसे होने पर घटना स्थल पर सबसे पहले पुलिस के जवान ही पहुंचते हैं। कहा जाता है कि दुर्घटना के बाद का पहला घंटा घायल की जिंदगी के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि इस अवधि में घायल को उचित इलाज मिल जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। इसी वजह से उत्तर प्रदेश पुलिस ने एम्स के डॉक्टरों से डॉक्टरी पाठ पढ़ने का फैसला लिया है।
एम्स ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सक प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश पुलिस के दो सौ कर्मियों को विभिन्न प्रकार की दुर्घटनाओं में घायल लोगों को लेकर बरती जाने वाले एहतियात व उन्हें अस्पताल पहुंचाने के पहले किस तरह की चिकित्सा देनी चाहिए, इसकी जानकारी देंगे। उन्हें घायलों को एंबुलेंस में बैठाने से लेकर इलाज तक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। चिकित्सीय ज्ञान देने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक की ओर से एम्स ट्रॉमा सेंटर को पत्र लिखा गया था।
जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सक अगस्त माह में गाजियाबाद और लखनऊ का दौरा करेंगे और यूपी के पुलिसकर्मियों को चिकित्सीय ज्ञान देंगे। पहले फेज में गाजियाबाद और लखनऊ जिले के सौ-सौ पुलिस कर्मियों का चयन किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम अगस्त माह में शुरू किया जाएगा।
एम्स बेसिक इमरजेंसी केयर कोर्स की नेशनल कॉर्डिनेटर निर्मल ठाकुर ने बताया कि पुलिस कर्मियों को कई तरह के चिकित्सीय ज्ञान से अवगत कराया जाएगा। कर्मियों को बताया जाएगा कि बम ब्लास्ट अथवा सड़क हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने से पहले घटना स्थल पर किस तरह का उपचार दिया जाना चाहिए। ऊंचाई से गिरने, सांप काटने, जलने, हार्ट अटैक, ब्रेन हेमरेज, करंट लगने से घायल होने पर अस्पताल पहुंचाने से पहले किस तरह का उपचार दिया जाना चाहिए। एम्स ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सक इससे पहले भी कुछ राज्यों के पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण दे चुके हैं।

सशस्त्र सीमा बल भी लेगा प्रशिक्षण
बेसिक इमरजेंसी केयर कोर्स के लिए सशस्त्र सीमा बल की ओर से भी एम्स ट्रॉमा सेंटर से आग्रह किया गया है। सशस्त्र सीमा बल के 15-15 जवानों के दल को प्रशिक्षण कार्यक्रम देने का फैसला लिया गया है। सशस्त्र सीमा बल के जवान भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा पर तैनात होते हैं। इसके पहले आईटीबीपी, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को भी प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

Related posts