यूपी के दम पर दिल्ली में साइकिल चलाएगी सपा

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के दम पर समाजवादी पार्टी (सपा) दिल्ली चुनाव में हुंकार भरेगी। आने वाले समय में यूपी के कई बड़े नेता और मंत्री दिल्ली के चुनावी दंगल में नजर आएंगे। पार्टी राजधानी की सभी सीटों से चुनाव लड़ेगी, लेकिन ज्यादा जोर दस सीटों पर होगा।
समाजवादी पार्टी पिछले तीन विधानसभा चुनावों से दिल्ली के दंगल में उतर रही है, लेकिन अभी तक उसे दो फीसदी वोट तक नहीं मिल सका है। इस बार उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार होने से नेताओं की कोशिश है कि इसके सहारे दिल्ली चुनाव को प्रभावित किया जाए। खासतौर से पूर्वांचली और मुस्लिम मतदाताओं को लामबंद करके। सपा ने अपनी चुनावी रणनीति इसी के इर्द-गिर्द तैयार की है। एक पदाधिकारी ने बताया कि दिल्ली की सभी सीटों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। करीब दस सीटों वाली पहली श्रेणी में ऐसी सीटों को रखा गया है, जहां पूर्वांचली और मुसलिम मतदाता बहुमत में हैं। मसलन, मुस्तफाबाद, सीलमपुर, करावल नगर, ओखला, बदरपुर, गोकलपुर आदि। पार्टी का पूरा जोर इन्हीं सीटों पर होगा। नेताओं को उम्मीद है कि यहां के मतदाताओं को पार्टी के पक्ष में लाया जा सकता है।
वहीं, दूसरी श्रेणी में करीब 14 ऐसी सीटाें को रखा गया है, जहां सपा लड़ाई में रहेगी। इसके अलावा बाकी सीटों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए पार्टी प्रत्याशी उतारेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ऊषा यादव के मुताबिक, दिल्ली चुनाव में पार्टी सभी सीटों पर दावेदारी करेगी। यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत चुनाव प्रचार के लिए दूसरे राष्ट्रीय स्तर के नेताओं से संपर्क किया गया है। इनका कार्यक्रम फाइनल हो रहा है। वहीं, इसी हफ्ते पहली लिस्ट जारी होगी। पार्टी का ज्यादा जोर उन्हीं सीटों पर होगा, जहां से जीतने की उम्मीद है।

Related posts