युवा संसद स्पर्धा में मनाली प्रथम

पतलीकूहल (कुल्लू)। सीनियर सेकेंडरी स्कूल कटराईं में ब्लाक स्तर की युवा संसद प्रतियोगिता में नग्गर ब्लॉक के एक दर्जन स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सीनियर सेकेंडरी स्कूल मनाली के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान झटका। गौशाल स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रहीं।
युवा संसद के मंचन के दौरान विपक्ष की नेता बनी शीतल ने क्रिकेट में सट्टेबाजी और कालेधन को लेकर प्रधानमंत्री बनी मीनाक्षी से सवाल पूछे। गृहमंत्री बनी वंदना से आतंकवाद और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल किए गए। संसद में कोयला घोटाले पर पक्ष विपक्ष में तीखी बहस हुई। कानून मंत्री बनी रजनी से सीबीआई की स्वतंत्रता मामले पर राय जानी गई। मनाली टीम को लकर आए राजनीतिक शास्त्र के प्रवक्ता पवन ठाकुर और कमलमणि ने बताया कि इस युवा संसद का मकसद छात्रों में राजनीतिक नैतिकता, नेतृत्व के गुणों, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रीय एकता तथा अखंडता की भावना का विकास करना है।

निरमंड प्रथम और खरगा द्वितीय
कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल निरमंड में बुधवार को खंड स्तरीय बाल संसद स्पर्धा का आयोजन किया गया। खंड स्तरीय इस प्रतियोगिता में राजमाता शांति देवी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल निरमंड ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल खरगा ने दूसरा स्थान पाया। इसमें निरमंड स्कूल के छात्र अमित कुमार ने प्रधानमंत्री की भूमिका निभाई। मुनीशा ने लोक सभा अध्यक्ष, संतोष ने वित्त मंत्री ,नरेश ने मानव संसाधन मंत्री की भूमिका निभाई। समीक्षा ने विपक्ष के नेता की, संतुति ने स्वास्थ्य मंत्री और धनवीर ने रेलवे मंत्री की भूमिका अदा की। प्रधानाचार्य डा. बीआर सक्सेना ने कहा कि निरमंड और खरगा स्कूल का प्रदर्शन शानदार रहा है। बाल संसद को आयोजित करने वाले राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता रवि शर्मा ने कहा कि 17 सितंबर को खंड स्तर पर प्रथम रही टीमों का मुकाबला जिला स्तरीय स्पर्धा में होगा। इस अवसर पर खरगा स्कूल के राजनीतिक शास्त्र के प्रवक्ता प्रकाश चंद शर्मा मौजूद रहे।

Related posts