युवा कांग्रेस ने चुनावों पर कि मंथन

ऊना। स्थानीय विश्राम गृह में मंगलवार को युवा कांग्रेस के चुनावों के लिए तैनात किए गए एलआरओ मनोज तिवारी ने युकां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस का प्रदेश भर में सदस्यता अभियान को शुरू किया है। इसके तहत 29 सितंबर तक 18 से 35 वर्ष की आयु के युवक-युवतियों को युवा कांग्रेस का सदस्य बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। मनोज तिवारी ने कहा कि दो से 29 सितंबर 2013 तक सदस्यता अभियान में ओपन मेंबरशिप भी की जाएगी। इसमें इस अवधि में युवा कांग्रेस की सदस्यता लेने वालों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक संख्या में युवाओं को युवा कांग्रेस से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि 29 सितंबर सायं पांच बजे तक सदस्यता के लिए प्राप्त सभी आवेदनों को स्क्रूटनी के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद वोटर लिस्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि पात्र सदस्य विधानसभा, लोकसभा एवं राज्य इकाई के लिए होने वाले चुनावों में मतदान कर पाएंगे तथा अपने प्रतिनिधियों का चयन कर सकेंगे। इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस ऊना के प्रधान हजारी लाल, ऊना विस क्षेत्र युवा कांग्रेस के अध्यक्ष राजकुमार राजू, हरोली विस क्षेत्र से युकां अध्यक्ष दिनेश कुमार, युकां नेता देवी लाल, दिनेश बस्सी, मोनू एवं अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

Related posts