
कुल्लू। युवा कांग्रेस के चुनाव में युकां नेता विक्रमादित्य सिंह इस बार सीधे अध्यक्ष पद को लेकर दावेदारी नहीं ठोंक रहे। उनका कहना है कि वह फिलहाल चुनाव को लेकर चल रहे सदस्यता अभियान को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने पर फोकस किए हुए हैं। सोमवार देर शाम को कुल्लू में एक कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस नेता एवं विक्रमादित्य ने साफ किया उनका मकसद युकां अध्यक्ष बनना नहीं है बल्कि संगठन को मजबूती देना है।
विक्रमादित्य आजकल प्रदेश में हो रहे युकां चुनाव को लेकर राहुल गांधी द्वारा दिए दिशानिर्देशों को युवाओं को बताने में जुटे हैं। कहा कि वह मात्र राहुल गांधी से मिले आदेशों का पालन कर प्रदेश का दौरा कर युवाओं से रूबरू होकर सदस्यता अभियान की फीड बैक ले रहे हैं। उन्होंने युवाओं से टीम वर्क के साथ काम करने की नसीहत भी दी। साथ ही संगठन की मजबूती के लिए काम करने का आह्वान किया।
विक्रमादित्य ने कहा कि कुल्लू के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। कांग्रेसी और युकां से केंद्र तथा प्रदेश सरकार की नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं को खासकर गरीब लोगों तक पहुंचाने को कहा है। कुल्लू सदर विस का विकास संासद निधि के अलावा केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से होगा। जल्द ही मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह कुल्लू का दौरा कर लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का निपटारा करेगी। इस मौके पर उनके साथ विधायक कर्ण सिंह, एपीएमसी चेयरमैन यूपेंद्रकांत मिश्रा, नप उपाध्यक्ष मनु शर्मा, धर्मवीर धामी, गोपाल कृष्ण महंत, देवेंद्र नेगी, सतपाल ठाकुर, चंद्रकेश शर्मा, हीरा लाल विभु, नवीन सूद, कर्मचारी नेता सेस राम आजाद, राम लाल कुल्ल्वी और शिव चंद शकेल मौजूद रहे।
