युवाओं को प्रशिक्षित करेगा उद्यान विभाग

ऊना। बागवानी विभाग ने भविष्य की चुनौतियों को मद्देनजर रखते हुए अगले पांच साल की कार्ययोजना तैयार कर ली है। इस बारे में उपायुक्त अभिषेक जैन ने भी अधिकारियों को विस्तृत दिशा निर्देश दिए थे। बागवानी उपनिदेशक डा. महेंद्र सिंह राणा ने बताया कि विभाग की ओर से उपायुक्त के निर्देशों के अनुरूप कार्य आरंभ कर दिया गया है। विषय विशेषज्ञ उद्यान डा. अशोक धीमान ने कार्य योजना के संदर्भ में बताया कि भविष्य में जिले में नींबू वर्गीय फलों के अंतर्गत 45 से 50 प्रतिशत क्षेत्र, आम का 25 से 30 प्रतिशत क्षेत्र, आंवला का 10 से 15 प्रतिशत, अमरूद 5 प्रतिशत क्षेत्र एवं अन्य फलाें का 15 प्रतिशत क्षेत्र में विस्तार किया जाएगा। कोहरा एवं सूखा प्रभावित क्षेत्रों मे आम, पपीता का रोपण कम किया जाएगा।
सघन बागवानी के अधीन 20 प्रतिशत बाग स्थापित किए जाएंगे, जिससे भविष्य में प्रति यूनिट फल उत्पादकता बढ़ाई जा सके। किसान एवं बागवानों क ो नवीनतम तकनीकी जानकारियां उपलब्ध करवाने के लिए ग्राम स्तर, जिला स्तर, प्रदेश स्तर एवं देश के अन्य राज्यों में भ्रमण एवं प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से 1000 से 1500 युवाओं को सरकारी खर्चे पर मौका दिया जाएगा। इस मौके पर कृषि उपनिदेशक डा. हरबंस राणा, डा. हंसराज, डा. केएच शर्मा, डा. केके भारद्वाज, डा. पूजा सैणी, डा. ऋद्धिमा शर्मा, डा. केशव भूषण, डा. अश्विनी दत्ता भी उपस्थित रहे।

Related posts