युवती को बहलाफुसलाकर पहुंचाया हरियाणा

भीमताल। धारी तहसील क्षेत्र के एक गांव में की युवती को बहला फुसलाकर हरियाणा तक ले जाने का मामला सामने आया है। युवती किसी तरह जान बचाकर गांव तक पहुंची है। ह्यूमन ट्रैफिकिंग से जुड़े इस मामले को युवती ने एसडीएम के सामने रखा। एसडीएम ने पटवारी को जांच के आदेश दिए हैं।
उपजिलधिकारी चंद्र सिंह इमलाल ने बताया कि ओखलकांडा ब्लाक के एक गांव में रहने वाली युवती मंगलवार को तहसील पहुंची। युवती ने बताया कि कुछ दिन पहले कुछ बाहरी लोग उसे उसके परिजनों के साथ घुमाने के बहाने हरियाणा लेकर गए थे। हरियाणा पहुंचने के बाद उसे इस बात की भनक लग गई कि बाहरी व्यक्ति परिजनों को विश्वास में लेकर विवाह के मूड में हैं। इसी के बाद वह भागकर गांव तक पहुंची है। एसडीएम ने युवती को सुरक्षा के साथ-साथ मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि पटवारी गंगा दत्त पलड़िया निर्देश दिए गए हैं कि आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। बताते चलें कि छह दिन पहले ही काठगोदाम पुलिस ने नाबालिग से जबरन विवाह रचाकर उसे हरियाणा ले जा रहे दूल्हे समेत छह लोगों को दबोचा था।

Related posts