युवती के मर्डर केस में नया मोड़

ऊना। मुख्यालय ऊ ना की एक युवती के मर्डर केस में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने इस लापता युवती को ढूंढ लिया है। युवती दिल्ली में मिली और उसने हरोली के सलोह इलाके के एक युवक के साथ शादी रचाई है। कोर्ट मैरिज के बाद यह जोड़ा सीधा दिल्ली चला गया। युवक के रिश्तेदार दिल्ली में रहते हैं। युवती के पिता बलराम कुमार ने न्यायालय के माध्यम से सदर थाने में 19 नवंबर को शिकायत पत्र सौंपते हुए आरोप जड़ा था कि हरोली के सलोह क्षेत्र का युवक राजकु मार उनकी बेटी को भगा ले गया। शिकायत पत्र में कहा कि था कि उन्हें शक है कि युवती को भगाने के बाद आरोपी युवक ने युवती की हत्या कर दी है। पुलिस ने शिकायत पर भादंसं की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू की और युवक के परिजनों से भी पूछताछ की। जब जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राम लाल छानबीन करते हुए दिल्ली पहुंचे तो वह दिल्ली में रह रहे युवक के एक रिश्तेदार के घर गए, जहां युवक और युवती दोनों आराम से बैठे हुए थे। जांच अधिकारी ने दोनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने कहा कि युवती ने युवक के साथ 14 अक्तूबर को शादी कर ली थी। इस बारे में शिकायतकर्ता की लड़की ने स्वेच्छा से अपना बयान दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत दर्ज कराया और कहा कि उसने अपनी मर्जी से शादी कर ली है और अपने पति राजकुमार के साथ दिल्ली में रह रही है। एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि युवती के शिकायतकर्ता पिता को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने अब केस क्लोज कर दिया है।

Related posts