
15 मील में गश्त पर थी पुलिस टीम
जड़ी-बूटी को बाहर भेजने की फिराक में था शातिर
दुर्लभ बूटी के दोहन पर देवताओं ने भी लगाई है रोक
पतलीकूहल (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के समीप 15 मील में पुलिस ने एक युवक के कब्जे से 26 किलोग्राम नागछतरी पकड़ी। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर हवालात में डाल दिया है। उसके खिलाफ वन अधिनियम की धारा 41, 42 और भारतीय दंड संहिता की धारा 379 के तहत केस दर्ज कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। उसे अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक रविवार रात पतलीकूहल पुलिस चौकी में तैनात हेडकांस्टेबल भूपेंद्र अपनी टीम में शामिल कांस्टेबल ताराचंद और एक होमगार्ड को लेकर गश्त पर थे। ऐसे में देर शाम चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर 15 मील में बने रेन शेल्टर में उन्हें एक युवक बैठा मिला। पुलिस ने शक होने पर जब तलाशी ली तो उसके कब्जे से बैग में रखी 26 किलोग्राम नागछतरी बरामद हुई। युवक को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाल दिया। एसएचओ मनाली फिरोज खां ने बताया कि आरोपी की पहचान मनाली निवासी उरगेन के रूप में हुई है। आरोपी प्रतिबंधित नागछतरी नामक जड़ी-बूटी को राज्य से बाहर भेजने की फिराक में था। इस जड़ी-बूटी का देव आस्था से भी गहरा नाता है। इसे नागों के भोजन के रूप में जाना जाता है। दशहरे के दौरान देवरथों के संचालन के दौरान ट्रैफिक पुलिस का काम करने वाले देवता नाग धूमल ने पहले ही इस जड़ी-बूटी के दोहन पर रोक लगा रखी है। लिहाजा, पुलिस के इस कदम से देव समाज ने खुशी जाहिर की है। वहीं, पुलिस को मिली इस बड़ी सफलता पर एसपी ने भी टीम में शामिल पुलिस कर्मियों की पीठ थपथपाई है।
