युक्तिकरण पर भड़के शिक्षक

ऊना। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने स्कूल में युक्तिकरण के विरुद्ध आवाज बुलंद कर दी है। युक्तिकरण पर कड़ा ऐतराज जताते हुए संघ के जिलाध्यक्ष विनय शर्मा, प्रवक्ता महेश शारदा, कोषाध्यक्ष रवि ठाकुर, ऊना खंड इकाई अध्यक्ष रमन ठाकुर, हरोली के अध्यक्ष अवतार सिंह, गगरेट-2 से वीरेंद्र राणा, बंगाणा से जोगिंद्र सिंह और अंब के अध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गी ने कहा है कि संघ ने गुणात्मक एवं बेहतर शिक्षा के लिए हमेशा कक्षावार शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई है। जबकि निजी विद्यालयों के साथ प्रतिस्पर्धा के इस युग में सरकारी शिक्षक किसी तरह संस्थानों को चला रहे हैं। ऐसी हालत में विभाग कक्षावार शिक्षकों की नियुक्ति करने की बजाय उनका युक्तिकरण के माध्यम से इधर से उधर कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मैदानी जिला होने के चलते ऊना में निजी स्कूलों की ओर से बेहतर परिवहन सुविधाएं दी जा रही हैं जिससे सरकारी स्कूलों की हालत पहले ही पतली होती जा रही है। इसके अतिरिक्त सरकारी और निजी स्कूलों में छात्रों की प्रवेश आयु में ही दो से ढाई वर्ष का अंतर है जिससे सरकारी स्कूलों में छात्रों की प्रवेश संख्या में अप्रत्याशित कमी दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि विभाग जानबूझ कर आरटीई एक्ट को सरकारी स्कूलों पर सख्ती से थोप रहा है, जबकि निजी स्कूलों को इसके दायरे से बाहर रखा जा रहा है। सरकारी स्कूलों को बंद करने की यह सोची समझी साजिश है। छात्रों के प्रवेश की आयु सरकारी और निजी स्कूलों में समान की जाए, जबकि शिक्षकों की संख्या भी कक्षावार की जाए। यदि युक्तिकरण की प्रक्रिया को जल्द बंद न किया गया तो शिक्षकों को सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने को विवश होना पड़ेगा।

Related posts