युकां ने फूंका तमिलनाडु सरकार का पुतला

कुल्लू। ढालपुर चौक में मंडी संसदीय क्षेत्र के युवा कांग्रेसियों ने तमिलनाडु सरकार और वहां की मुख्यमंत्री जयललिता का पुतला फूंका। युवा कांग्रेस ने तमिलनाडु सरकार और उसकी कैबिनेट की ओर से लिए गए निर्णय कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के हत्यारों को रिहा किया जाएगा, का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की ओर से इस रिहाई पर लगाई गई रोक का स्वागत किया है। कुल्लू में युवा कांग्रेस ने पहले रैली निकाली और बाद में ढालपुर चौक पर जयललिता और तमिलनाडु सरकार का पुतला फुंका। इस अवसर पर मंडी संसदीय क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, महासचिव वीर सिंह, महासचिव करुण विराट महंत, पूर्व प्रधान तेजा ठाकुर, घनश्याम गौतम आदि दर्जनों पदाधिकारी उपस्थित हुए। इस अवसर पर मंडी संसदीय क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह ने कहा कि तमिलनाडु सरकार और उसकी कैबिनेट ने जो निर्णय लिया था, वह निर्णय दुर्भाग्य पूर्ण था। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व प्रधानमंत्री के हत्यारों को इस तरह की छूट दी जाती है तो आम जनता का क्या होगा। उन्हाेंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जो इस पर रोक लगाई है, वह फैसला स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सरकार के इस निर्णय से देश की आम जनता का विश्वास कानून व्यवस्था से उठ जाएगा। इस दौरान युवा कांग्रेस ने तमिलनाडु सरकार तथा जयललिता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Related posts