यातायात नियम बोझ न होकर सुरक्षा का हिस्सा

हमीरपुर। यातायात नियम लोगों पर बोझ न होकर सुरक्षा का हिस्सा है। दोपहिया वाहन चलाते समय नियमों की अनदेखी करना महंगा साबित हो सकता है। सुरक्षा की दृष्टि से यातायात नियमाें का पालन करना वाहन चालक का नैतिक कर्तव्य बन जाता है। ‘अमर उजाला’ के विशेष अभियान को नगर परिषद पदाधिकारियों ने खूब सराहा।
नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष दीप कुमार बजाज का कहना है कि सड़क हादसे नियमों को अपनाने की चेतावनी देते हैं। दोपहिया वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। नियमों की अनदेखी दोपहिया वाहन चालकों के लिए घातक सिद्ध हो जाती है। नगर परिषद उपाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा का कहना है कि यातायात नियमों के प्रति स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना चाहिए। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमों का पालन अति आवश्यक है। वाहन चालकों को जिम्मेदारी को समझते हुए नियम पालन करना चाहिए।
नगर परिषद हमीरपुर वार्ड नंबर एक के पार्षद राकेश कुमार का कहना है कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना मुसीबत मोल लेने के समान है। ‘अमर उजाला’ के प्रयास वाकई सराहनीय है। समय-समय पर जागरूकता अभियान को जारी रखना चाहिए। चालक यातायात नियमों का पालन कर दूसरों की जान भी बचाएं। वार्ड नंबर दो के पार्षद वेद प्रकाश का कहना है कि वाहन चलाते समय नैतिक जिम्मेदारियों को निभाएं।
नगर परिषद वार्ड नंबर सात की पार्षद मनोरमा लखनपाल का कहना है कि ट्रिपल राइडिंग कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। विशेष मुहिम के बाद पुलिस हरकत में आई है। पुलिस को कार्रवाई आगे भी जारी रखनी चाहिए। यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रशासन की ओर से अभियान चलाया जाना चाहिए। नगर परिषद के मनोनीत पार्षद अश्वनी शर्मा का कहना है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों की अनदेखी करना महंगा साबित हो सकता है।

Related posts