
सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर में यातायात नियमों की सरेआम अवहेलना दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। दोपहिया वाहन चालक नियमों को लेकर ठेंगा दिखा रहे हैं। नगर में बिना हेलमेट, तेज रफ्तार, ट्रीपल राइडिंग, तथा अंडर ऐज वाहन चालक अक्सर देखे जा सकते हैं। लेकिन पुलिस की ओर से शिकंजा कसने के लिए कार्रवाई नहीं की जा रही है।
दो दिन पहले ही तेज रफ्तार से जा रहे बाइक सवार छात्र ने सड़क किनारे चल रहे दो लोगों को टक्कर मार दी थी। हाल ही के दिनों में वाहन चालकों की लापरवाही के कारण काफी लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। लोगों की मानें तो पुलिस की टीम शाम के समय निरीक्षण के लिए निकलती है, जबकि दिन के समय स्कूल, कालेज छात्रों के आने-जाने सहित अन्य लोगों की चहल-पहल रहती है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई न होने से लोग भी परेशान हैं। बुधवार को दिन के समय पुलिस सहायता कक्ष में भी कर्मचारी उपलब्ध नहीं था। लोगों ने वाहनों की तेज रफ्तार, अंडर ऐज चालकों के मामलों में कार्रवाई की मांग की। नगर परिषद सुजानपुर के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, सुमित, तिलक, राकेश कुमार, राज कुमार, मेहर सिंह आदि ने पुलिस से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश चंद शर्मा का कहना है कि पुलिस दुर्घटनाओं को लेकर सतर्क है, यातायात नियमों का उल्लंघन सहन नहीं किया जाएगा। जल्द ही शहर के लोगों से बैठक कर नाबालिगों के वाहन दौड़ाने के मामले में आगामी निर्णय लिया जाएगा।
