यातायात डायवर्ट करने की मुहिम को झटका

कुल्लू। दशहरा उत्सव में ट्रैफिक व्यवस्था को कंट्रोल करने की मुहिम को करारा झटका लगा है। बस अड्डा सरवरी से भुंतर-रामशीला के बीच बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए अंतर राज्य बस अड्डा सरवरी से वामतट मार्ग नेशनल हाइवे-21 को जोड़ने के लिए निर्मित सड़क मार्ग पर दिया डंगा उद्घाटन से पहले ही धराशायी हो गया।
यातायात के लिए भूतनाथ स्थित ब्यास नदी पर करोड़ों की लागत से अत्याधुनिक पुल का निर्माण किया है। यह बनकर महीनों से तैयार है लेकिन उद्घाटन नहीं होने से इस पर अभी तक वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। अब दशहरा उत्सव में बढ़ते ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए यहां से यातायात को डायवर्ट करने की योजना थी लेकिन ऐन मौके पर डंगा ढहने से इस मुहिम को करारा झटका लगा है। उद्घाटन से पूर्व सड़क का डंगा गिरने से लोनिवि की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
दशहरा उत्सव पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इस सड़क और पुल का उद्घाटन करेंगे। सड़क का डंगा गिरने से लोग भी हैरान हैं। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी जोगिंद्र शुक्ला और प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि उद्घाटन से पूर्व सड़क का डंगा गिरना हैरान करने वाला है। सड़क का डंगा कैसे गिरा इसकी जांच होनी चाहिए।
पूरे प्रकरण की करवाएंगे जांच
सड़क का डंगा गिरने के पीछे क्या कारण रहे हैं। सड़क का काम देख रहे लोनिवि के
एक्सईएन से इसकी रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की जांच करवाई जाएगी।
ललित भूषण अधीक्षण अभियंता लोनिवि

Related posts