
वसंत विहार गैंगरेप मामले में जब अदालत ने आरोपियों को दोषी ठहरा दिया तो उसके बाद दक्षिण-पश्चिमी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विवेक गोगिया ने दोपहर करीब साढ़े तीन बजे प्रेस वार्ता बुलाकर संवाददाताओं से कहा कि वसंत विहार गैंगरेप की तफ्तीश और फैसला एक उदाहरण बनेगा। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि दक्षिण जिला पुलिस ने जितने कम समय में आरोपियों को गिरफ्तार किया, बढ़िया तफ्तीश कर साक्ष्य एकत्रित किए और पुलिस ने एक तय समय सीमा में चार्जशीट दाखिल कर दी, वह आने वाले दिनों में पुलिस समेत अन्य लोगों के लिए एक उदाहरण बनेगा।
गोगिया ने बताया कि करीब 250 पेज के अपने फैसले में कोर्ट ने दिल्ली पुलिस के तरीके की तारीफ की है। कोर्ट ने पुलिस द्वारा वैज्ञानिक तरीकों से सबूतों को पेश करने की भी तारीफ की है। उनका कहना है कि इन तरह के तरीके अन्य मामलों की तफ्तीश में अपनाए जाने की जरूरत है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि वसंत विहार गैंगरेप मामले की तफ्तीश बहुत ही बढ़िया तरीके से की गई थी। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान शारीरिक साक्ष्य, टेक्नीकल डाटा, साइंटिफिक साक्ष्य और मजिस्ट्रीयल साक्ष्य आदि को ध्यान में रखा। ये पहला ऐसा केस है जो पुलिस ने इस तरीके से साक्ष्य जुटाकर तफ्तीश की। गृहमंत्रालय का सहयोग मिला और पीड़िता के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों की गवाही करवा साक्ष्य एकत्रित किए गए।
