
भल्याणी (कुल्लू)। लगघाटी के तहत कोठी तारापुर पंचायत भल्याणी में स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के जर्जर भवन पर किसी नजरें इनायत नहीं हो पाई हैं। यहां जर्जर अवस्था में पहुंचे इस भवन में बच्चे खौफ के साये में शिक्षा अर्जित करने को मजबूर हैं। सालों से उपेक्षित इस भवन का अभी तक जीर्णोद्धार नहीं हो पाया है।
पुराने पड़ चुके इस भवन में अध्ययन और अध्यापन कर रहे विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। न तो नौनिहाल एकागर होकर शिक्षा ग्रहण कर पा रहे हैं और न ही शिक्षक बच्चों को सही ढंग से पढ़ा पाते हैं। स्कूल भवन में रखी बेशकीमती पुस्तकें कभी भी मिट्टी के ढेर में दफन हो सकती है।
भल्याणी गांव में प्रदेश शिक्षा विभाग द्वारा संचालित सीनियर सेकेंडरी स्कूल भवन की नींव काफी कमजोर हो चुकी है। लोक निर्माण विभाग ने इसे एक वर्ष पूर्व असुरक्षित घोषित कर दिया है। बावजूद दरारों से पटे इस भवन में बच्चे शिक्षा अर्जित कर रहे हैं। दीवारों में पड़ी दरारों से सब कुछ जोखिम भरा हो गया है। स्कूल का यह जीर्णशीर्ण भवन किसी भी बडे़ हादसे को अंजाम दे सकता है।
प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह ने बताया कि वह कई मर्तबा इस संदर्भ में विभाग के अधिकारियों से पत्राचार कर चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत करवा दिया है। बावजूद इसके आज तक भवन को डिस्मेंटल नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सरकार तथा विभाग से शीघ्र धन मुहैया करवाने की मांग की है। उधर शिक्षा उपनिदेशक जगदीश चंद ने बताया कि उन्होंने भवन के डिस्मेंटल के लिए लोक निर्माण विभाग से पत्राचार किया है। आशा है कि जल्द ही लोक निर्माण विभाग इसे डिस्मेंटल कर स्कूल को एक नया भवन उपलब्ध करवा देगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीसी गुप्ता ने कहा कि औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। धन की व्यवस्था होते ही स्कूल भवन को डिस्मेंटल कर यहां एक अदद भवन का निर्माण करवाया जाएगा।
