
मोगा: जहां हमारे राजनीतिज्ञ गरीबों का मजाक उड़ाते हुए बयान दे रहे हैं और अपनी घटिया राजनीति कर रहे हैं व कइयों को बाद में माफी भी मांगनी पड़ी, वहीं मीडिया भी कम नहीं। वह भी स्वाद ले-लेकर रेहडिय़ों में जाकर 1 रुपए, 5 रुपए व 12 रुपए में क्या-क्या आता है पूछ रहा है।
लुधियाना में विगत 14 वर्षों से लगातार हर दिन 1 रुपए में खाना मिल रहा है। जी हां, एन.आई.ई. नामक संस्था एक होटल चला रही है। केवल 1 रुपए में सच्ची देशप्रेम भावना से बिना किसी मशहूरी के और बिना किसी लालच के। खास बात यह है कि इसका कोई मालिक नहीं है। उसका नाम भी गुप्त है। आप लुधियाना में किसी को भी 1 रुपए वाले वैष्णो भोजन वाले होटल के बारे में पूछ सकते हैं। यहां एक रुपए में रोटी-सब्जी, दाल-चावल व सलाद पेट भर कर खा सकते हैं। 1 रुपया भी इसलिए लिया जाता है ताकि खाने वाला महसूस न करे कि मुफ्त में खाना खाया। आप को यकीन नहीं आएगा, क्योंकि पहले हमें भी यकीन नहीं आया था। विगत 14 वर्षों से प्रत्येक दिन 12 से दोपहर 3 बजे तक लगातार सेवा कर रहे हैं। महंगाई कहां से कहां पहुंच गई परंतु इन्होंने क्वालिटी के साथ कोई समझौता नहीं किया।
चरनजीत कम्बोज ने बताया कि यह होटल एक एन.आर.ई. ड्रीम एंड ब्यूटी चैरीटेबल ट्रस्ट नामक संस्था चला रही है, जोकि लुधियाना के ही रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि खाना यहां पर बहुत ही आदर प्यार, सत्कार से खिलाया जाता है। बस हाथ साफ-सुथरे व नाखून काटे हुए, हाथ धोकर खाना खाओ, और कोई शर्त नहीं है। यहां पर बर्तन साफ करने के लिए भी हाईजैनिक मशीन है। हमारे देश के राजनीतिज्ञों को यहां पर लाना चाहिए।
