यमुना पर बनने वाले मेट्रो कॉरिडोर पुल का काम रुका

नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) फेज-3 में यमुना पर दो कॉरिडोर के लिए जो दो पुल बना रही है, उसे यमुना में आई बाढ़ ने रोक दिया है। शिव विहार से मुकुंदपुर कॉरिडोर यमुना क्रॉस कराने के लिए निजामुद्दीन व डीएनडी पुल के बीच बन रहा है। दूसरा पुल नोएडा के बोटनिकल गार्डन से जनकपुरी पश्चिम मेट्रो कॉरिडोर के लिए कालिंदीकुंज के पास बन रहा है। काम रुकने को डीएमआरसी मानसून से जोड़कर देख रहा है। उनका तर्क है कि इससे कार्य प्रगति पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
दिल्ली में यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण यमुना पर चल रहे पुल निर्माण कार्य को कंपनियों ने एहतियातन काम रोक दिया गया है। डीएमआरसी प्रवक्ता का कहना है कि जो लक्ष्य बनाया जाता है, उसमें मानसून की बारिश के कारण कार्य प्रभावित को शामिल किया जाता है। समय पर काम पूरा करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। यमुना में पानी व गाद है, जिसके कारण फाउंडेशन गहरा बनाना होता है। चूंकि मशीन नीचे से ले जाकर कुछ काम नहीं किया जा सकता, इसलिए लांचिंग तकनीक से निर्माण किया जाता है। दोनो ही महत्वपूर्ण कॉरिडोर हैं। एक कॉरिडोर उत्तर पूर्वी दिल्ली से शुरू होकर पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पश्चिम दिल्ली व उत्तर दिल्ली को जोड़ेगी, जबकि दूसरा कॉरिडोर नोएडा में रहने वालों की राह आसान करेगा।

Related posts