म्याड़ घाटी के लोगों की अनदेखी क्यों

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। बर्फ में फंसे घाटी के अति दुर्गम क्षेत्र मयाड़ घाटी के लोगों की समस्याओं पर टीएमसी नेता बलदेव शर्मा ने आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि मयाड़ घाटी बर्फबारी के चलते दिसंबर से जिला तथा उपमंडल मुख्यालय से कटी है। तिंगरेट में सेटेलाइट फोन भी सुचारु रूप से काम नहीं कर रहा है। बर्फबारी से तारों के क्षतिग्रस्त हो जाने से घाटी के कई गांव अंधेरे में हैं, जिसका असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। हालांकि, उन्होंने माना कि बिजली बोर्ड के कर्मचारियोें को मयाड़ घाटी के लिए निकलना काफी मुश्किलों भरा है लेकिन बिजली बोर्ड के अधिकारी वहां की समस्याओं को लेकर आंखें मूंदकर बैठे हैं। हेलीकॉप्टर की सेवाओं को लेकर टीएमसी नेता बलदेव शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार मयाड़ घाटी की भोलीभाली जनता को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मयाड़ घाटी के तिंगरेट हेलीपैड के लिए इस सर्दी में महज एक ही उड़ान करवाई है। यहां अभी भी कई बीमार लोगों के साथ जरूरतमंद लोग हेलीकाप्टर के इंतजार में बैठे हुए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि मयाड़ घाटी के तिंगरेट हेलीपैड के लिए भी हेलीकाप्टर की एक उड़ान की जाए। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों से भी मांग की है कि मौसम खुलने के साथ ही मयाड़ घाटी की सड़कों से भी बर्फ हटाई जाए।

Related posts