मौज भरी होगी जुलाई माह की शुरुआत

कुल्लू। जुलाई माह की शुरुआत कुल्लू शहर में रंगारंग कार्यक्रम से होगी। फिल्मी और पहाड़ी गानों की धुनों से शहर गूंज उठेगा। यही नहीं स्कूली बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सुनहरा मौका भी मिलने जा रहा है। माह की शुरुआत को रंगीन करने का इंतजाम कर रही है कुल्लू की सूत्रधार कला संगम संस्था। संस्था अपनी वर्षगांठ पर हर साल कार्यक्रम का आयोजन करवाती है। इस बार कार्यक्रम का आगाज 4 जुलाई को होगा। कलाकेंद्र में होने वाले इस सालाना समारोह में 1200 स्कूली बच्चों को मंच पर प्रस्तुति देने का मौका मिलेगा। जिला के 19 सरकारी और निजी स्कूलों का चयन इसके लिए किया गया है। संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष यनिंद्र कपूर ने बताया कि समारोह को सफल और यादगार बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उन्होंने कहा कि सालाना समारोह में लोकनृत्य, लोकगीत, फैंसी ड्रेस, लघुनाटिका, समूह गान, काईम, वाद्यवृंद, फिल्मी गायन, समूह नृत्य फिल्मी तथा चित्रकला स्पर्धाओं का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि इसमें विजेता टीमों का चयन निर्णायक मंडल करेगा। संस्था के अध्यक्ष दिनेश सेन ने कहा कि 4 से 6 जुलाई तक चलने वाले सूत्रधार कला संगम के वर्षगांठ समारोह का सफल आयोजन होगा।

Related posts