मौका मिला तो आस्ट्रेलिया में पदक जीतूंगा

चुवाड़ी (चंबा)। विदेश में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले चुवाड़ी के संजय कुमार को वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 25 हजार रुपये का नकद इनाम देकर सम्मानित किया है । यह सम्मान युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से दिया गया है। चुवाड़ी स्थित पैराडाइज चिल्ड्रन केयर सेंटर के छात्र संजय कुमार ने दक्षिण कोरिया में स्नो बोर्ड प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। संजय ने बताया कि अगर आस्ट्रेलिया में होने वाले ओलंपिक में उसे खेलने का मौका मिला तो वे पदक जीतकर ही वापिस लौटेंगे। उधर, पैराडाइज चिल्ड्रन केयर सेंटर के सचिव अजय चंबियाल ने संजय को सम्मानित करने पर प्रदेश सरकार और स्पेशल ओलंपिक भारत चैप्टर की अध्यक्ष अर्लिका नड्डा का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि स्पेशल ओलंपिक के माध्यम से ही मानसिक रूप से अक्षम बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। उन्होंने अक्षम बच्चों को मंच प्रदान करने के लिए अर्लिका नड्डा का धन्यवाद किया है।

Related posts