
हमीरपुर। क्षेत्र के झनियारा गांव के व्यक्ति ने निजी भूमि पर मोबाइल टावर लगाने के चक्कर में साढ़े 85 हजार रुपये लुटा दिए। पैसे कमाने के चक्कर में ठगी का शिकार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुरुषोत्तम दास पुत्र स्व. लौका राम निवासी मौंह, झनियारा ने निजी मोबाइल कंपनी का टावर लगाने का विज्ञापन पढ़ा।
टावर के लिए उसके पास निजी भूमि उपलब्ध थी। टावर लगवाने के लिए विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क साधा और अपनी निजी भूमि पर कंपनी का थ्रीजी टावर लगवाने को मंजित सिंह निवासी मलनवाला, हाउस नंबर 145 तहसील जीरा, जिला फिरोजपुर के साथ सहमति पत्र बनवाया। मनजीत ने उसे दोबारा फोन किया और टावर लगवाने संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए खाते में कुछ पैसे डालने को कहा। पुरुषोत्तम ने उसके खाते में बताई गई राशि डाल दी। प्रक्रिया पूरी करने के बहाने मंजीत ने पुरुषोत्तम से अलग अलग खातों में 85 हजार 400 रुपये जमा करवाने को कहा। सभी खातों में जमा करवाए पैसों की रसीद पुरुषोतमदास के पास है। कुछ समय बाद पुरुषोत्तम ने मंजीत को टावर लगने में देरी का कारण पूछने के लिए फोन किया तो मंजीत से संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद आभास हुआ कि ठगी का शिकार हो गया है। पुलिस अधीक्षक जगत राम चौहान का कहना है कि मामला दर्जकर लिया है।
