
नर्इ दिल्ली: भाजपा 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले मतदाताओं को लामबंद करने और ‘मोदी के लिए वोट दें, मजबूत भारत के लिए वोट दें’ के संदेश को फैलाने के लिए समूचे दिल्ली में कई कार्यक्रम करेगी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि पार्टी ने अपनी स्थित मजबूत करने के लिए सभी सात लोकसभा सीटों पर कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाने की योजना बनाई है। इसके अलावा वार्ड स्तर पर युवक एवं महिला सम्मेलन किए जाएंगे। गोयल ने कहा कि गुजरात के विकास मॉडल और नरेन्द्र मोदी की उपलब्धियों का जिक्र करने वाली विशेष प्रचार सामग्री बूथ स्तर पर बांटा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य घर-घर में यह संदेश फैलाना है। गोयल ने कहा कि भविष्य की रणनीति के बारे में चर्चा करने के लिए एक जनवरी के शुरूआत में चिंतन शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। युवक एवं महिलाओं, वकील, चार्टड अकाउंटेंट, चिकित्सक, शिक्षक को ध्यान में रखकर विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाया जाएगा।
गोयल ने कहा कि पार्टी ने लोगों को जोडऩे के लिए डब्ल्यूडब्ल्यू. इंडिया 272 डॉट कॉम के नाम से एक वेबसाइट भी शुरू किया है। लोग मोबाइल नंबर 0782007820 पर मिस्ड कॉल देकर भी जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित एक पार्टी है। इसके कार्यकर्ता इसकी बड़ी क्षमता हैं। पार्टी 29 दिसंबर को तालकटोरा स्टेडियम में अपनी ‘अभिनंदन रैली’ भी कर रही है। रैली को भाजपा के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे जिनमें पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, अरूण जेटली, नीतिन गडकरी और नवजोत सिंह सिद्धू भी शामिल हैं।
