
अंब (ऊना)। मुबारिकपुर गगरेट मार्ग पर देर रात पेश आए हादसे में एक प्रवासी की मौत हो गई, जबकि उसके साथी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है, जबकि दूसरे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी गई है। हादसा बाइक के स्किड होने से पेश आया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अंदौरा खड्ड के पास झुग्गियों में रहने वाला मंगल राम पुत्र रामजी राम निवासी बेरुख जिला दरभंगा बिहार शनिवार देर रात काम के बाद अपने दोस्त सीताराम के साथ मुबारिकपुर से वापस अपने घर आ रहा था कि बणे दी हट्टी के पास उसकी मोटरसाइकिल स्किड हो गई। इसमें मंगलराम को गंभीर चोटें आईं। उसे 108 की मदद से गगरेट एफआरयू ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया, लेकिन उसके साथी उसे जालंधर ले गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं उसके साथी सीताराम ही हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है। अंब थाना ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि देर रात मोटरसाइकिल स्किड होने के कारण घायल हुए व्यक्ति मंगलराम की उपचार के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने हादसे के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है।
