मोटरसाइकिल सवारों ने छीना महिला का पर्स

अंब (ऊना)। क्षेत्र के ठठ्ल में दो मोटरसाइकिल सवार दिन-दिहाड़े महिला का पर्स छिनकर फरार हो गए। वारदात से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पीड़ित महिला ठठ्ल के आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र में नर्स के पद पर कार्यरत है। दिन ब दिन बढ़ रही स्नैचिंग की वारदातों से क्षेत्रवासियों में दहशत है। उधर, पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ठठ्ल स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय में कार्यरत नर्स रोजाना की तरह नंदपुर चौक से ठठ्ल की ओर जा रही थी कि इसी दौरान मोटर साइकिल पर दो युवक आए एवं उसके हाथ से बैग छिन कर फरार हो गए। इससे पहले कि महिला अपने आप को संभाल पाती शातिर काफी दूर निकल चुके थे। उस वक्त चौक के पास काफी लोग भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी बाइक सवारों का पीछा करने की जहमत नहीं उठाई। बताया जा रहा छिना झपटी करने वाले बाइक सवार पास के गांव के ही हैं और पेशे से कबाड़ का काम करते हैं। डीएसपी अंब मदन कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द दबोच लिया जाएगा।

Related posts