मैहरे में कहां खड़े करें वाहन!

बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल मुख्यालय के मुख्य बाजार मैहरे में गाड़ियां खड़ी करने के लिए कोई स्थान नहीं है। वाहन चालक सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इस कारण बाजार में जाम की स्थिति बन जाती है। पार्किंग नहीं होने के कारण चालकों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार कमेटी ने पार्किंग बनाने की मांग उठाई है।
गौरतलब है कि मैहरे बाजार में लगभग 300 दुकानें हैं लेकिन बाजार में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। गाड़ियों की बढ़ती संख्या के चलते बाजार में पार्किंग व्यवस्था का होना अति आवश्यक है। बाजार में कई चालक तहसील परिसर में गाड़ियां खड़ी करते हैं तथा कई चालक सड़क किनारे दुकानों के आगे गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इससे दुकानदारों की दुकानदारी प्रभावित हो रही है। साथ ही बाजार में गाड़ियों के खड़ा रहने से जाम की स्थिति बन जाती है। दुकानदारों व स्थानीय लोगों ने कई बार बाजार में पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की लेकिन प्रशासन ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। स्थानीय दुकानदारों सतीश सोनी, बीडी सोनी, संजय कुमार, राकेश कुमार, राजेंद्र कुमार, रजनीश कुमार, सुरेश कुमार, राजेश कुमार, विनोद कुमार, सोनू कुमार, दिनेश कुमार, कमल कुमार, ओंकार सिंह, सोनी कुमार, चमन लाल, अश्वनी कुमार, विजय कुमार, सतीश कुमार, अजय कुमार सहित अन्य ने बाजार में पार्किंग व्यवस्था कराने की मांग की है।
बाजार कमेटी प्रधान विनोद लखनपाल ने बताया कि बाजार में पार्किंग व्यवस्था होना आवश्यक है। पुलिस व प्रशासन को पार्किंग के लिए स्थान मुहैया करवाना चाहिए।
डीएसपी लालमन शर्मा ने माना कि गाड़ियों की बढ़ती संख्या के चलते अब बाजार में पार्किंग होना आवश्यक है। इसके बावजूद ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

Related posts