मैहतपुर में युवती के साथ छीनाझपटी

ऊना/मैहतपुर। जखेड़ा मोड़ पर शनिवार देर रात कुछ बाइक सवार युवकों की ओर से राहगीर युवतियों के साथ छीनाझपटी और छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। युवतियों की ओर से बाइक का नंबर नोट कर पुलिस को दे दिया है। इनमें से एक युवक मैहतपुर क्षेत्र के ही एक गांव और दूसरा ऊना के साथ सटी पंचायत का निवासी बताया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही एसएचओ ऊना केएल बैरी भी दल बल सहित पड़ताल के लिए मौके पर पहुंच गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात मैहतपुर के पास जखेड़ा मोड़ में घर के बाहर टहल रही युवतियों के साथ बाइक सवार युवकों ने स्नेचिंग का प्रयास कर डाला। इस दौरान उन्होंने युवतियों से अभद्र व्यवहार भी किया। लेकिन, युवतियों ने हौसला दिखाते हुए चप्पलें उतार कर युवकों पर ही धावा बोल डाला। जिसके कारण उन्हें मौके से भागना पड़ गया। युवतियाें ने उक्त युवकों की बाइक का नंबर नोट कर लिया है। जिसे पुलिस को भी दे दिया गया है। वहीं, मौके पर पहुंचे एसएचओ केएल बैरी ने नंबर के आधार पर छानबीन शुरू की। पुलिस ने युवकों की पहचान कर ली है, जिन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा। एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि किसी को भी कानून तोड़ने की छूट नहीं दी जा सकती। इस मामले में पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगी।

Related posts