मैहतपुर में पकड़ी 21 लाख की बीड़ी

मैहतपुर (ऊना)। जिले के प्रवेशद्वार मैहतपुर में आबकारी एवं कराधान विभाग ने नाके के दौरान 21 लाख की बीड़ी पकड़ी है। इसकी कीमत कागजों में 12 लाख रुपये दर्शाई गई थी। विभाग ने बिलों पर कम कीमत दर्शाने और गाड़ी में ज्यादा माल होने के चलते फर्म को सवा दो लाख रुपये जुर्माना ठोका है। सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त यूएस राणा ने इस बात की पुष्टि की है। विभाग के सूत्रों के मुताबिक शनिवार को प्रवेश नाके पर सुबह करीब चार बजे टाटा 407 को रोकने और उसमें ले जाए जा रहे सामान का निरीक्षण करने पर पता चला कि गाड़ी में बीड़ी लदी हुई है। कागजों में जिसकी कीमत 12 लाख रुपये दर्शाई गई थी। विभाग के ईटीओ राजकुमार वर्मा, निरीक्षक संतराम और अवनीश कुमार की टीम ने गहनता से जांच करने पर पाया कि बिलों में दर्शाई गई कीमत से कहीं ज्यादा बीड़ी गाड़ी में भरी हुई है। माल का निरीक्षण करने के बाद विभागीय टीम ने पाया कि गाड़ी में ले जाई जा रही बीड़ी की कीमत करीब 21 लाख रुपये बनती है। लिहाजा फर्म पर टैक्स चोरी का मामला बनता है। ईटीओ राजकुमार वर्मा ने बताया कि माल की कुल कीमत का 25 फीसदी जुर्माना फर्म ने जमा कराया है। यह जुर्माना सवा दो लाख रुपये बना। दिल्ली से माल जसूर कांगड़ा के लिए ले जाया जा रहा था। वर्मा ने कहा कि नाके पर पंजाब तथा अन्य राज्यों से आने वाली प्रत्येक गाड़ी पर विभाग पैनी निगाह रखे हुए है।

Related posts