मैहतपुर बाजार की दुकान में लगी आग

मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय मुख्य बाजार में स्थित एक दुकान सोमवार को आग की भेंट चढ़ गई। दुकान के अंदर रखा ज्यादातर कीमती सामान राख को गया है। दमकल विभाग के कर्मियों ने ताला तोड़कर आग पर काबू नहीं पाया होता तो हादसा बड़ा हो सकता था। पंजाब के नंगल निवासी दुकान के मालिक मनोहर लाल ने मैहतपुर पुलिस चौकी में इस बाबत रिपोर्ट लिखवा दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आग सोमवार को मुख्य बाजार की एक फोटो स्टेट की दुकान में सुबह करीब पौने सात बजे लगी। दुकान के अंदर से उठ रहे धुएं से आसपास के दुकानदारों ने दुकान के मालिक को सूचित किया। स्थानीय दुकानदारों ने दमकल विभाग को आग की सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दुकान का ताला तोड़ा और आग पर काबू पाया। तब तक दुकान के अंदर पड़ा कीमती सामान दो फोटो स्टेट मशीनें, एक लैमिनेशन मशीन तथा एक कंप्यूटर एवं काफी अन्य कीमती सामान भी आग की भेंट चढ़ चुका था। आग लगने की वजह शॉट सर्किट माना जा रहा है। दुकान के मालिक ने मौटे तौर पर आकलन कर 70 हजार का अनुमानित नुकसान बताया है। डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा। उधर, दमकल अधिकारी कमल स्वरूप ने बताया कि फोन पर आग लगने की सूचना मिलते ही गाड़ी तो तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया और दुकान मालिक के आने तक आग पर पूरी तरह से काबू लिया गया था।

Related posts