मैहतपुर के वार्ड आठ में खिला ‘कमल’

मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड आठ में भाजपा प्रत्याशी अंजू देवी ने कांग्रेस प्रत्याशी को शिकस्त देकर उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज कराई है। चुनाव प्रभारी एसडीएम धनवीर ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी अंजू देवी की जीत का ऐलान किया। मंगलवार को करवाए गए वार्ड संख्या आठ के लिए मतदान में भाजपा एवं कांग्रेस के अलावा एक निर्दलीय प्रत्याशी माया देवी ने भी चुनाव लड़ा। भाजपा प्रत्याशी अंजू देवी को 280, कांग्रेस की कमलेश देवी को 147 तथा निर्दलीय माया देवी को महज 52 मत पड़े। अंजू देवी ने 133 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। मंगलवार को हुए मतदान में वार्ड के मतदाताओं ने खासा उत्साह दिखाया और 83 फीसदी से ज्यादा मतदान करके भाजपा प्रत्याशी अंजू देवी को अपना पार्षद चुना। एसडीएम धनवीर ठाकुर के मुताबिक वार्ड आठ में कुल 573 मतों में से 479 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 243 पुरुष तथा 236 महिला मतदाता शामिल हैं। गौरतलब है कि वार्ड आठ महिलाओं के लिए आरक्षित है और पिछले दिनों वार्ड महिला पार्षद विमला देवी के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी।

Related posts