मैनहोल में गिरने से गई छात्र की जान

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम जिला के द्वारका साउथ इलाके में मैनहोल में गिरने से एक छात्र की जान चली गई। स्कूल से लौटते समय किशोर करीब 25 फीट गहरे सीवर के मेनहोल में गिर गया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और दमकल कर्मियों ने करीब सवा घंटे के बाद किसी तरह किशोर को निकालकर दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की शिनाख्त सातवीं के छात्र प्रवीण (14) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक हादसे के समय मैनहोल पर ढक्कन नहीं था। पुलिस ने इस संबंध में लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक प्रवीण अपने परिवार के साथ माता, रानी मंदिर के पास सेक्टर-1 द्वारका में रहता था। इसके परिवार में पिता लखन, मां, एक भाई व दो बहनें हैं। प्रवीण पास के एक सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता था। रविवार को प्रवीण और उसका दोस्त आशुतोष राणा स्कूल में किसी काम से गए थे। वहां से देर शाम करीब 7:30 बजे लौटते समय जैसे ही दोनों पॉकेट-2, सेक्टर-1 के पास सर्विस रोड पर पहुंचे तो अचानक प्रवीण गहरे सीवर में गिर गया। फौरन आशुतोष ने मामले की सूचना राहगीरों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल मौके पर पहुंच गए। बाद में प्रवीण को मेनहोल से बाहर निकाला गया। पर उसे बचाया नहीं जा सका।

Related posts