
अंब (ऊना)। मैड़ी में होला मोहल्ला मेला में इस वर्ष 8 से 18 मार्च तक मनाया जा रहा है। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त दर्शन कालिया ने अंब में मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। झंडा चढ़ाने की रस्म 16 मार्च को तथा प्रसाद 18 मार्च को मध्यरात्रि 12 बजे चढ़ाया जाएगा। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। मेले के शांतिपूर्ण संचालन के लिए करीब पंद्रह सौ जवान तैनात किए जाएंगे। इनमें नौ सौ पुलिस जवान, 125 महिला कांस्टेबल एवं 500 के करीब होमगार्ड तैनात होंगे।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात, साफ सफाई, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति जैसी सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया जाएगा। मेले के सुचारु आयोजन के लिए उन्होंने विभिन्न विभागों से समुचित सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि गैर यात्री वाहन ट्रक, ट्राला, ट्रैक्टर इत्यादि में यात्रियों के आने-जाने पर रोक लगाई जाए। होला मोहल्ला मेले के चलते संपूर्ण मेला क्षेत्र को नौ सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में एक सेक्टर मेजिस्ट्रेट नियुक्त किया जाएगा, जबकि डीएसपी रैंक का अधिकारी सेक्टर पुलिस इंचार्ज के तौर पर नियुक्त होगा। मेला क्षेत्र में बम निरोधक दस्ते सहित क्विक एक्शन टीम भी तैनात की जाएगी। मेले के दौरान संपूर्ण उपमंडल अंब में धारा 144 लागू रहेगी। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग व आयुर्वेद विभाग द्वारा अस्थायी पोस्ट तैयार किए जाएंगे। इसके लिए खंड चिकित्सा अधिकारी अंब को सहायक मेला स्वास्थ्य अधिकारी तैनात किया गया है। मेले के सफल संचालन के लिए मैड़ी में ही एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
इन्हें सौंपा जिम्मा
दस दिवसीय होला मोहल्ला मेले के लिए एडीसी दर्शन कालिया को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि एएसपी वीरेंद्र सिंह मेला पुलिस अधिकारी होंगे। इसके अतिरिक्त एसडीएम अंब अशोक चौहान को सहायक मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है और डीएसपी सागर चंद्र सहायक पुलिस मेला अधिकारी होंगे।
ये रहे मौजूद
बैठक में एसडीएम अंब अशोक चौहान, डीएसपी चंद्रपाल, बीडीसी अध्यक्ष मस्तान सिंह, बीएमओ प्रदीप ठाकुर, मंजी साहिब गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रधान डा. संत सिंह, चरण गंगा के महंत शादी लाल गोस्वामी, बड़भाग सिंह के प्रबंधक कश्मीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
