मैच को ही फिक्स करना चाहते थे बुकीज

नई दिल्ली। पुलिस की तफ्तीश में पता चला है कि बुकीज 17 मई को हैदराबाद में हुए आईपीएल मैच को ही फिक्स करना चाहते थे। इस मैच की दोनों टीमों से बुकीज ने संपर्क किया था। यह मैच सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच खेला गया था। बुकी के एक ग्रुप ने सनराइजर्स हैदराबाद के तीन से चार खिलाड़ियों से बात की थी, जबकि दूसरे ग्रुप ने आरआर के खिलाड़ियों से संपर्क किया था। पुलिस अधिकारी इस बात की तफ्तीश कर रहे हैं कि मैच पूरा ही फिक्स था या फिर स्पॉट फिक्सिंग हुई थी या नहीं। सूत्रों के अनुसार, फरार राजनीतिक नेता आमिर इस पहेली से पर्दा उठा सकता है।
विशेष पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने 17 मई को खुलासा किया था कि दीपक ने बताया है कि वह आरआर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 17 मई को खेले गए मैच को फिक्स करवाना चाहता था। इसके लिए दीपक ने अजीत चंदीला से संपर्क किया था। अजीत चंदीला ने इस काम के लिए दीपक से 15 लाख रुपये एडवांस में लिए थे। हालांकि, चंदीला को 15 मई को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, याहिया उर्फ यूसुफ ने बताया है कि बुकी चंद्रेश पटेल वाला ग्रुप भी 17 मई वाले इस मैच को फिक्स करवाना चाहता था। इसके लिए चंद्रेश ने याहिया के जरिए आमिर से संपर्क किया था। चंद्रेश ने दावा किया है कि आमिर ने उसकी सनराइजर्स हैदराबाद के तीन से चार खिलाड़ियों से मुलाकात करवाई थी। आमिर ने फिक्सिंग की एवज में चंद्रेश से 32 लाख रुपये भी लिए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बात का खुलासा आमिर के पकड़ में जाने के बाद होगा कि क्या उसने 17 मई वाले मैच में फिक्सिंग करवाई थी और क्या मैच फिक्स हुआ था। आमिर की डीलिंग के तहत सनराइजर्स को हारना था।

Related posts