मेलों में 34 श्रद्धालुओं की कटी जेबें

भरवाईं (ऊना)। सावन अष्टमी नवरात्र मेले के दौरान मेला क्षेत्र में सक्रिय जेबकतरों ने 34 श्रद्धालुओं की जेबें साफ कीं। मंदिर कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार छह श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन चोरी हुए हैं, जबकि 28 श्रद्धालुओं ने अपने पर्स चोरी, एटीएम कार्ड एवं जरूरी कागजात चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई। 28 श्रद्धालुओं के मेले के दौरान लगभग 79200 रुपये चोरी होने की शिकायत है। इनमें लुधियाना से एक श्रद्धालु आदर्श जैन ने 32 हजार रुपये, गुरदासपुर के राजीव कुमार ने दस हजार तथा फिरोजपुर निवासी सतपाल ने आठ हजार रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई है। मेले के दौरान जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था से निपटने के लिए 1100 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी। बावजूद इसके, जेबकतरों ने 34 श्रद्धालुओं को अपना शिकार बनाया है। मेले के दौरान पुलिस मात्र दो जेबकतरों को ही पकड़ पाई है। चिंतपूर्णी के एसएचओ मुकेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है।

Related posts