
केलांग। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एवं विधायक रवि ठाकुर ने लाहौल घाटी दौरे के दौरान 7वें दिन रूढिंग, मेलिंग, टेलंगवे, रानिका, शांशा, गोहरमा, लिंडूर तथा जाहलमा गांवों का दौरा किया। मेलिंग गांव में शिव मंदिर में माथा टेकने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि घाटी के सभी बौद्ध मठों तथा धार्मिक स्थलों को पर्यटन सर्किट के तहत लाया जाएगा। इससे न केवल धार्मिक स्थलों का संरक्षण होगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मेलिंग शिव मंदिर के लिए 7 लाख 60 हजार रुपये की योजना स्वीकृत की जा चुकी है। लपशक से मेलिंग तक बाईपास सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। शांशा में आयोजित ग्रामीण विकास अभिकरण तथा पंचायत विभाग की ओर से आयोजित जागरूकता शिविर की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए सरकार की ओर से किसानों को आधुनिक तकनीक के उपकरणों को उपदान पर उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव के लिए विभिन्न विभागों की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत 9 लाख 60 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं। जागरूकता शिविर में जिला पंचायत अधिकारी रणजीत सिंह, परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण डॉ. हीरा नंद ने अपने-अपने विभागों से संबंधित वित्त, तकनीकी प्रबंधों तथा सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
