
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी महोत्सव के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों पर नकैल कसने के लिए स्वास्थ्य विभाग टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान खराब मिठाइयों को नष्ट किया। व्यापारियों को चेतावनी भी दी कि अगर खराब मिठाइयां या अन्य खाद्य पदार्थ बचे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लवी मेले में प्रदेश भर से खाद्य वस्तुओं का कारोबार करने व्यापारी पहुंचे है। लेकिन जहां मिठाइयां बेचने वाले खुले में मिठाई बेच रहे हैं। वहीं मक्की रोटी बनाने का स्थान साफ-सुथरा नहीं है। खाद्य निरीक्षक विरेंद्रा चौहान ने मौके पर पहुंच कर उक्त दुकानों की निरीक्षण किया। दुकानदारों को चेतावनी भी दी कि खाद्य वस्तुओं को ढक कर रखें ताकि इन पर धूल मिट्टी न गिर सके। ‘अमर उजाला’ ने मेले के दौरान लोगों की सेहत खिलवाड़ के मुद्दे को 14 नवंबर के अंक में प्रकाशित किया था। इसके बाद विभाग ने हरकत में आते ही मेला मैदान का निरीक्षण किया। खाद्य निरीक्षण विरेंद्रा चौहान का कहना है कि सभी खाद्य वस्तुओं का कारोबार करने वाले व्यापारियों को चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि विभाग की टीम की नजर लगातार कारोबारियों पर रहेगी। उन्होंने साफ किया है कि लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी हाल में खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। दूसरी ओर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. भूपेंद्र गुप्ता ने बताया है कि रामपुर के लवी मेले में खाद्य निरीक्षक की अध्यक्षता में भेजी गई टीम ने कार्रवाई कर बासी व खराब मिठाइयां फिंकवाई हैं। मेले में लोगों को खराब खाद्य पदार्थ ने बेचे जाएं इसके लिए टीम तैनात की गई है।
