
हमीरपुर। छात्रा का नाम प्रथम वर्ष की मेरिट सूची में न होने पर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कालेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा विवि प्रबंधन द्वारा आनन फानन में लागू की गई रूसा प्रणाली का भी विरोध किया। नई व्यवस्था को परिषद ने छात्रों के हितों के साथ खिलवाड़ बताया। विद्यार्थी परिषद ने कालेज प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़ा किया।
छात्रा रेखा कुमारी ने प्रथम वर्ष में नान मेडिकल में मेजर सब्जेक्ट फीजिक्स में प्रवेश के लिए आवेदन किया था। कालेज प्रबंधन ने शुक्रवार सुबह नान मेडिकल की मेरिट लिस्ट जारी की जिसे देख छात्रा रेखा के होश उड़ गए। रेखा के 78 प्रतिशत अंक हैं और उसका नाम मेरिट लिस्ट से गायब था। जबकि उससे कम अंक हासिल करने वाले छात्रों का नाम मेरिट लिस्ट में दिखाई दे रहा था। कालेज प्रबंधन से बात करने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। परिषद कार्यकर्ताओं ने मुद्दे को लेकर नारेबाजी की। जिला संगठन मंत्री यदुनंदन की अध्यक्षता में मेरिट लिस्ट से बाहर हुए विद्यार्थियों ने रोष प्रकट किया। परिषद ने आरोप लगाया कि केवल रेखा ही नहीं, ऐसे अन्य मामले भी सामने आए हैं। कालेज प्रबंधन अपनी गलती पर छात्रों को प्रार्थना पत्र देने की बात कर रहा है, जो सही नहीं है।
प्रदर्शन में तेन सिंह, सचिन, विशाल, विकास, अमित कुमार, रमन, अंकिता, शविता, कल्पना, पूजा, मुकेश, मोहित आदि छात्रों ने भाग लिया। उधर, कालेज प्राचार्य पीसी पटियाल ने छात्रों से कहा कि प्रभावित छात्र प्रार्थना पत्र लिखकर दे दें। जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। पात्र छात्रों के साथ अन्याय नहीं होगा। किसी भा पात्र छात्र को बाहर नहीं होने दिया जाएगा।
