
नई दिल्ली। बदरपुर थाना पुलिस ने मेरठ के दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली-एनसीआर से लग्जरी गाड़ियां चुराते थे। बदरपुर थानाध्यक्ष अखिलेश यादव व एसआई अमित कुमार की टीम ने दोनों को उस समय दबोच लिया जब वह वाहन चोरी करने आए थे। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त पी करुणाकरन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियाें के नाम किठापुर, मेरठ निवासी शेखर (40) और सलीम (24) हैं। इनके कब्जे से चार लग्जरी गाड़ियां और दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पुलिस को सूचना मिली थी कि मेरठ के दो वाहन चोर बदरपुर इलाके में चोरी करने आएंगे। पुलिस की टीम ने आली मोड़ पर पिकेट लगाकर दोनों वाहन चोरों को दबोच लिया। आरोपी कई सालों से एनसीआर में वाहन चोरी कर रहे थे। आरोपी दो से तीन दिन में दिल्ली आते थे और जब भी दिल्ली आते थे वाहन चोरी करके ले जाते थे। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से वाहन चोरी के सात मामलों को सुलझाने का दावा किया है।
