
नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के रणहौला इलाके में मेमोरी कार्ड के चक्कर में चार नाबालिगों ने 11 साल के बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त देवेंद्र के रूप में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं नाराज परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए घटना स्थल पर हंगामा किया। पुलिस के मुताबिक देवेंद्र परिवार के साथ रणहौला के विकास नगर में रहता था। उसके परिवार में पिता महेश चंद, मां, दो छोटी बहन व एक छोटा भाई है। देवेंद्र पास के सरकारी स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता महेश चंद ऑटो चालक हैं। शुक्रवार दोपहर स्कूल से आने के बाद खेलने की बात कह कर घर निकला था। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। रात को परिजनों ने तलाश की तो घर से चंद कदमों की दूरी पर देवेंद्र का शव नाले के किनारे झाड़ियों में मिला।
महेश चंद ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले एक किशोर से देवेंद्र का दो दिन पूर्व झगड़ा हुआ था। कहासुनी के बाद आरोपी ने देवेंद्र की गला घोंटकर हत्या की। हत्या करने से पहले आरोपियों ने देवेंद्र की बुरी तरह पिटाई भी की। उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। परिजनों के आरोप के बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस वारदात में नाबालिगों का हाथ होने की बात से इनकार नहीं कर रही है।
