मेड भेजकर करते थे ठगी

नई दिल्ली। पुलिस ने मेड भेजकर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में पति-पत्नी समेत एक अन्य युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों ने फर्जी प्लेसमेंट एजेंसी खोल रखी थी। दक्षिण जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि आईआईटी, हौजखास में रहने वाली डॉ. रेनू मिसूर्या ने मेड के लिए ममता प्लेसमेंट एजेंसी से 18 जून को संपर्क किया। तीन दिन बाद जितेंद्र उर्फ अनिल कुमार, रूपा उर्फ ममता और रेशमा उर्फ अनीता को लेकर डॉ. रेनू के घर पहुंच गया। जितेंद्र ने दस हजार रुपये एडवांस में ले लिए और रेशमा को डॉ. रेनू के घर में काम करने के लिए रुकने को कहा। रात को रेशमा घूमने के बहाने से घर के बाहर गई और वापस नहीं लौटी। डॉ. रेनू ने जब जितेंद्र को संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल बंद मिला। डॉ. रेनू की शिकायत पर वसंत विहार थानाध्यक्ष अनिल कुमार की टीम ने तफ्तीश शुरू की। तफ्तीश के बाद थानाध्यक्ष अनिल कुमार की टीम ने बेर सराय से जितेंद्र, उसकी पत्नी रूपा और पश्चिम बंगाल निवासी रेशमा को गिरफ्तार कर लिया।

Related posts