मेडिकल रिपोर्ट में नाबालिगों के साथ दुष्कर्म की पुष्टि

हमीरपुर। जिला हमीरपुर को झकझोर कर रख देने वाले एक सप्ताह के भीतर दो नाबालिगों से सामूहिक दुराचार के मामलों में मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को मिल चुकी है। मेडिकल रिपोर्ट में दोनों मामलों में नाबालिग पीड़ित लड़कियों के साथ दुराचार की पुष्टि हुई है। हालांकि पुलिस रिपोर्ट को लेकर कुछ नहीं बोल रही है, तथ्यों को भी सीक्रेट रखा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के पश्चात पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दोनों मामलों में आरोपियों का भी पुलिस ने मेडिकल करवा लिया है, जिसकी रिपोर्ट आना बाकी है। आरोपियों की मेडिकल रिपोर्ट भी काफी हद तक पुलिस के हाथ मजबूत करेगी। दूसरी ओर बड़सर मामले में पुलिस ने नाबालिग आरोपी को भी दबोच लिया है।
26 मई को बड़सर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तथा 29 मई को हमीरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नाबालिगों से सामूहिक दुराचार के दो मामले सामने आए थे जिसने सभी को हिला कर रख दिया था। एक सप्ताह के भीतर दो घटनाओं ने पुलिस को भी हिला दिया था। इसी का परिणाम था कि पुलिस मुख्यालय ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया तथा फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल का दौरा किया। साथ ही सेंटर रेंज के आईजी मामलों की जांच की निगरानी कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मामलों में पीड़ित नाबालिगों की मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार दोनों मामलों में रिपोर्ट में दुराचार की पुष्टि हुई है। अब पुलिस आरोपियों की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम ने दोनों मामलों में नाबालिग लड़कियों की मेडिकल रिपोर्ट आने की पुष्टि की है लेकिन मेडिकल रिपोर्ट का खुलासा नहीं किया। मेडिकल रिपोर्ट सिक्रेट रखी गई है। पुलिस दोनों मामलों में छानबीन कर रही है।

Related posts