
नई दिल्ली में आनंद विहार मेट्रो स्टेशन के सामने बुधवार सुबह टीन के बक्से में करीब 24 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
गले पर निशान मिलने से पुलिस गला घोंटकर हत्या करने और बस या ट्रेन से बाहर से शव को लाकर दिल्ली में फेंके जाने की आशंका जता रही है।
मधु विहार थाना पुलिस आसपास के थानों में महिला की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि आनंद विहार मेट्रो स्टेशन के सामने ऑटो पार्किंग में बक्सा पड़ा है।
मौके पर पुलिस को नीले रंग का टीन का बक्सा बरामद हुआ।
स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पुलिस ने बक्से का ताला तोड़ा तो अंदर महिला का शव बरामद हुआ।
माथे पर सिंदूर, गले में मंगलसूत्र और काले रंग की सलवार-कमीज पहने महिला का शव मोड़कर बक्से में रखा गया था।
देखने से लग रहा था कि दो दिन पहले ही हत्या की गई है।
पुलिस को शव के पास से पहचान का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने शव को एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में पहचान के लिए रखवा दिया है।
पुलिस मेट्रो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
इसके अलावा पुलिस दिल्ली के सभी थानों के अलावा, पड़ोसी थानों में महिला की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
