
नई दिल्ली। चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार दोपहर बदमाशों ने एक कपड़ा व्यवसायी के चार लाख रुपये उड़ा लिए। कश्मीरी गेट मेट्रो पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। शाहदरा निवासी विरेंद्र जैन (60) की छोटा बाजार में कपड़े की दुकान है। मंगलवार को वह शाहदरा स्टेशन से मेट्रो में सवार हुए। उनके मुताबिक, चांदनी चौक स्टेशन पर ट्रेन से बाहर निकलने पर उनके बैग का निचला हिस्सा कटा हुआ मिला। उसमें से चार लाख रुपये और एक मोबाइल गायब था। चोरों ने कश्मीरी गेट से चांदनी चौक स्टेशन के बीच वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने छानबीन के दौरान कश्मीरी गेट स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है।
